बिहार की राजनीति में अब ‘राष्ट्रीय जंगल दल’ और ‘मिस्टर इंडिया’ का पदार्पण हो गया है। इसके साथ ही ‘मौजाटन’ और ‘प्रवासी यादव’ का भी आगमन हुआ है। राजनीति के जानकार इन चार शब्दों की कड़ी जोड़कर मामला कुछ हद तक तो जरूर ही समझ जाएंगे। यह पूरा मामला बिहार के दो प्रमुख राजनीतिक दलों राजद (RJD) और जदयू (JDU) के बीच का है। बिहार के ये दोनों दल अब झारखंड (Jharkhand Politics) में खुद को मजबूत करने पर ध्यान दे रहे हैं। इसी कड़ी में जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने ये शब्दावली राष्ट्रीय जनता दल और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के लिए गढ़ी है और उन पर तंज कसा है।
राज्य के पूर्व जनसंपर्क मंत्री और जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने सोमवार को एक ट्वीट कर तंज कसा था। उन्होंने पूरे ट्वीट में तेजस्वी का कहीं नाम लिये बिना कई विशेषणों से नवाजा था। नीरज ने राष्ट्रीय जनता दल को राष्ट्रीय जंगल दल और तेजस्वी यादव को प्रवासी यादव कहा। उन्होंने कहा कि प्रवासी यादव कभी असम, तो कभी बंगाल तो कभी दिल्ली में ‘मौजाटन’ करते रहते हैं। उनके कहने का आशय है कि तेजस्वी इन राज्यों में मौज के लिए जाते हैं। इस तरह के आरोप जदयू के नेता पहले भी लगाते रहे हैं।